दिसम्बर 8 से 14 दिसम्बर 2021
8 दिसम्बर से 14 दिसम्बर 2021 तक का सम्भावित राशिफल
8 दिसम्बर से मंगलवार 14 दिसम्बर तक का साप्ताहिक सम्भावित राशिफल प्रस्तुत करें उससे पूर्व एक अत्यन्त आवश्यक बात… ये सभी परिणाम चन्द्र राशि पर आधारित हैं तथा सामान्य अर्थात Common हैं | चन्द्रमा एक ही राशि में कम से कम चौबीस घंटे निवास करता है और इस अवधि में अनगिनत शिशु जन्म लेते हैं – लेकिन सभी का भाग्य तो एक जैसा नहीं हो सकता | व्यक्ति विशेष के विषय में जानने के लिए उसकी कुण्डली का अनेक सूत्रों के आहार पर अध्ययन आवश्यक है | अतः आप सभी से निवेदन है – ज्योतिष पर विश्वास कीजिए किन्तु भाग्यवादी मत बनिए – क्योंकि ज्योतिष सम्भावनाओं का विज्ञान है | कहीं समस्या आने पर योग्य ज्योतिषी से दिशा निर्देश लेकर कर्मरत रहिये… उचित दिशा में कर्म करते हुए आप प्रतिकूल ग्रह गोचरों को भी अपने अनुकूल बना सकने में समर्थ हो सकेंगे…
मेष : आपके लिए जिस प्रकार ग्रहों एक गोचर हो रहे हैं वो इस बात की ओर संकेत करते हैं कि आपकी जो Talents अब तक छिपी हुई थीं उनके प्रदर्शन का समय है, किन्तु साथ ही ईर्ष्या करने वालों में भी वृद्धि हो सकती है अतः उन लोगों को पहचानने की आवश्यकता है | आपकी प्रतिभाओं के लिए आपको प्रशंसा प्राप्त होगी तथा उनका लाभ आपको अपने कार्यक्षेत्र में भी प्राप्त होगा | कार्यस्थल पर तथा बॉस के साथ सम्बन्ध अच्छे बने रहने की सम्भावना है जिसके कारण आप विरोधियों को भी परास्त कर सकने में समर्थ हो सकेंगे | पार्टनरशिप में कोई कार्य आरम्भ करना चाहते हैं तो अच्छा समय प्रतीत होता है | यदि कोई कोर्ट केस चल रहा है तो उसके समय अनुकूल नहीं प्रतीत होता | अविवाहित हैं और कहीं विवाह के सम्बन्ध में बात चल रही है अथवा कोई प्रेम प्रसंग है तो वह विवाह में परिणत हो सकता है | माँसपेशियों और जोड़ों के दर्द की समस्या उग्र रूप ले सकती है अतः सावधान रहने की आवश्यकता है | किसी महत्त्वपूर्ण Document को भी सम्हाल कर रखने की आवश्यकता है |
वृष : कुल मिलाकर यह सप्ताह आर्थिक तथा कार्य की दृष्टि से भाग्यवर्धक प्रतीत होता है | आप कोई नया कार्य आरम्भ कर सकते हैं, अथवा नौकरी में हैं तो किसी अन्य स्थान पर कोई नई नौकरी ज्वाइन कर सकते हैं | नए क्लायिन्ट्स भी बनने की सम्भावना है | आपकी जीवन शैली में भी इस अवधि में सकारात्मक परिवर्तनों की सम्भावना है | समाज में मान सम्मान में वृद्धि के साथ ही Social Get Togethers में भी वृद्धि की सम्भावना है | इन सामाजिक गतिविधियों से आपको अपने कार्य में लाभ प्राप्त हो सकता है | पार्टनरशिप में कोई व्यवसाय है अथवा कोई नया कार्य पार्टनरशिप में आरम्भ करना चाहते हैं तो उसके लिए समय अनुकूल प्रतीत होता है, किन्तु सम्बन्धित Documents का भली भाँती निरीक्षण आवश्यक है | जीवन साथी के साथ कहीं घूमने जाने का कार्यक्रम बन सकता है | किन्तु इन यात्राओं में जीवन साथी तथा सन्तान के स्वास्थ्य का ध्यान रखने की विशेष रूप से आवश्यकता होगी |
मिथुन : समय अभी भी कुछ अधिक अनुकूल नहीं चल रहा है | आपके स्वभाव के चिडचिडेपन के कारण परिवारजनों के साथ, घनिष्ठ मित्रों के साथ अकारण ही विवाद हो सकता है जो बढ़कर कोर्ट तक भी पहुँच सकता है | अतः इस ओर से विशेष रूप से सावधान रहने की आवश्यकता | कार्य स्थल पर सहकर्मियों के साथ अपने व्यवहार को संयमित रखने की आवश्यकता है | साथ ही यदि किसी के साथ आपके नकारात्मक सम्बन्ध कभी रहे हैं तो उसके विषय में नकारात्मक टिप्पणी से बचने की आवश्यकता है | मन में किसी कारण से कुछ हताशा अथवा निराशा भी आ सकती है | जीवन साथी सलाह मानकर चलेंगे तो आपके हित में रहेगा | किसी ऐसे स्रोत से प्रॉपर्टी के लाभ की सम्भावना है जहाँ के विषय में आपने कल्पना भी नहीं की होगी | पेपर साईन करने से पूर्व किसी वकील से सम्बन्धित कागज़ातों का अच्छे से परीक्षण अवश्य करा लें | क़र्ज़ लेने से बचें | सन्तान तथा जीवन साथी की ओर से कोई शुभ समाचार प्राप्त हो सकता है | परिवार में अथवा किसी मित्र के यहाँ बच्चे का जन्म अथवा किसी का विवाह आदि भी सम्भव है | धार्मिक गतिविधियों में रूचि में वृद्धि हो सकती है | स्वास्थ्य की दृष्टि से भी सप्ताह कुछ अधिक अनुकूल नहीं प्रतीत होता |
कर्क : आप परिवार में किसी व्यक्ति के सम्बन्ध में कोई बड़ा निर्णय इस सप्ताह ले सकते हैं | घर को Renovate भी करा सकते हैं | अथवा किसी नए घर में शिफ्ट हो सकते हैं | किन्तु किसी भी प्रकार के विवाद से बचने का प्रयास करना होगा | अन्यथा आपके सम्बन्धों में कडवाहट आ सकती है | यदि किसी के साथ कोई विवाद है भी तो समझौता करने में ही भलाई है | यों आर्थिक दृष्टि से और कार्य की दृष्टि से समय आपके अनुकूल प्रतीत होता है | कार्य से सम्बन्धित यात्राओं के योग भी प्रतीत होते हैं | इस अवधि में आपके नए मित्र भी बन सकते हैं, समाज में मान सम्मान में भी वृद्धि के योग हैं, किन्तु साथ ही विरोधियों की संख्या में भी वृद्धि की सम्भावना है | भाई बहनों के साथ किसी प्रकार के तनाव की सम्भावना भी है अतः इस ओर से सावधान रहने की आवश्यकता है | आपके सहकर्मियों का सहयोग आपको प्राप्त रहेगा | पार्टनरशिप में कोई कार्य कर रहे हैं तो उसमें प्रगति की सम्भावना है | नौकरी में हैं तो पदोन्नति भी सम्भव है और किसी प्रकार के पुरूस्कार आदि की प्राप्ति की भी सम्भावना है |
सिंह : प्रॉपर्टी की खरीद फ़रोख्त में लाभ की सम्भावना की जा सकती है जिसके कारण आर्थिक स्थिति में दृढ़ता की सम्भावना प्र | आपके व्यक्तित्व में सकारात्मक परिवर्तनों की सम्भावना है जिसके कारण आपके नए मित्र भी बन सकते हैं और जिसका लाभ आपको अपने कार्य में भी प्राप्त हो सकता है | कार्यक्षेत्र में अप्रत्याशित सफलता की सम्भावना है | किन्तु अपने व्यवहार में किसी प्रकार का अहंकार न आने दें | आपके स्वभाव में इस अवधि में उत्तेजना में वृद्धि हो सकती है अतः इस ओर से सावधान रहने की आवश्यकता है | कलाकार हैं तो प्रदर्शन के लिए यात्रा करनी पड़ सकती हैं | इन यात्राओं के दौरान स्वास्थ्य का ध्यान रखने की आवश्यकता है | आप सपरिवार कहीं भ्रमण के लिए भी जा सकते हैं, ऐसा करना आपके लिए हित में रहेगा | जीवन साथी के स्वभाव में भी कुछ चिडचिडापन आ सकता है | आप दोनों के ही लिए प्राणायाम और ध्यान के अभ्यास की अत्यन्त आवश्यकता है | महिलाओं को अधिक रक्तस्राव की ओर से भी सावधान रहने की आवश्यकता है |
कन्या : आपके लिए उत्साह में वृद्धि के संकेत प्राप्त हो रहे हैं जिस कारण आप कठिन समस्याओं का हल करने में इस सप्ताह समर्थ हो सकते हैं | भाई बहनों के साथ क्लेश की सम्भावना इस सप्ताह भी बनी हुई है अतः इस ओर से सावधान रहने की आवश्यकता है | आप लेखक हैं, अध्ययन अध्यापन के क्षेत्र से सम्बन्ध रखते हैं, मैनेजमेंट के क्षेत्र से जुड़े हैं, कम्प्यूटर साइंस के क्षेत्र मैं हैं, अथवा दस्तकार हैं तो आपके लिए यह सप्ताह अनुकूल प्रतीत होता है | कार्य के सम्बन्ध में दूर पास की यात्राओं के योग भी हैं | आप इस अवधि में अपने घर को भी Renovate करा सकते हैं | पार्टनरशिप में कोई व्यवसाय है तो उसमें कुछ निराशा हाथ लग सकती है | कोई नया कार्य पार्टनरशिप में आरम्भ करना चाहते हैं तो उसके लिए भी समय अभी अनुकूल नहीं प्रतीत होता | सन्तान की ओर से कोई शुभ समाचार प्राप्त हो सकता है | विवाह योग्य हैं तो अभी उसमें कुछ देरी की सम्भावना है | स्वास्थ्य के प्रति सावधान रहने की आवश्यकता है |
तुला : आपके लिए सप्ताह अनुकूल प्रतीत होता है | आर्थिक स्थिति में दृढ़ता तथा उत्साह और निर्णायक क्षमता में वृद्धि के संकेत हैं जिसके कारण आप अपना कार्य समय पूर्ण करने में समर्थ हो सकेंगे | प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में व्यस्त हैं तो उस ओर से भी अनुकूल परिणाम प्राप्त होने की सम्भावना है | बहुत समय से रुके हुए किसी कोर्ट केस में आपके अनुकूल दिशा में प्रगति की सम्भावना है | परिवार में सुख तथा आनन्द का वातावरण बना रह सकता है | किसी बच्चे के जन्म के कारण अतिथियों के स्वागत सत्कार में समय व्यतीत हो सकता है | सामाजिक और धार्मिक गतिविधियों में वृद्धि की भी सम्भावना है जिसमें कुछ नए मित्र भी बन सकते हैं | किन्तु साथ ही आपको अपने खान पान के प्रति सावधान रहने की आवश्यकता होगी अन्यथा स्वास्थ्य सम्बन्धी कोई गम्भीर समस्या उत्पन्न हो सकती है | साथ ही यदि अपने अहंकार और वाणी को नियन्त्रित नहीं रखा तो सम्बन्धों में कड़वाहट आने में भी देर नहीं लगेगी |
वृश्चिक : आपके लिए यह सप्ताह भी अनुकूल प्रतीत होता है | पूर्व में जो परिश्रम आपने किया है उसका अनुकूल परिणाम आपको प्राप्त हो सकता है यदि आप पूर्ण आत्मविश्वास के साथ अपना प्रोजेक्ट प्रस्तुत करेंगे | जो योजनाएँ आपने बनाई हैं कार्य के सन्दर्भों में अथवा परिवार के सन्दर्भों में उनके क्रियान्वयन का समय प्रतीत होता है | आपके व्यक्तित्व तथा वाणी की प्रभावात्मकता के कारण आपके मित्रों में भी वृद्धि की सम्भावना है जिसका लाभ आपको अपने कार्य में प्राप्त हो सकता है | पारिवारिक स्तर पर तथा कार्यस्थल पर वातावरण अनुकूल बना रहने की सम्भावना है | रुके हुए कार्य पूर्ण हो सकते हैं | अविवाहित हैं तो जीवन साथी की खोज इस अवधि में पूर्ण हो सकती है, किन्तु यदि विवाहित हैं तो जीवन साथी के साथ व्यर्थ के विवाद से बचने की आवश्यकता होगी | अपने तथा जीवन साथी के स्वास्थ्य का ध्यान रखने की आवश्यकता है – विशेष रूप से जिन लोगों को रक्तचाप सम्बन्धी अथवा हृदय रोग से सम्बन्धित कोई समस्या चल रही है उन्हें विशेष रूप से सावधान रहने की आवश्यकता है |
धनु : समय अनुकूल प्रतीत होता है | कार्य के सिलसिले में दूर पास की यात्रा करनी पड़ सकती है जो आपके लिए अनुकूल सिद्ध हो सकती है | आवश्यकता है सोच समझकर सम्बन्धित वर्ग के समक्ष अपनी योजनाओं को प्रस्तुत करके उन्हें मूर्त रूप देने की | हाँ इन यात्राओं में अपने ज़रूरी Documents को सम्हाल कर रखने की आवश्यकता होगी | साथ ही घर में तथा ऑफिस में कार्य कर रहे कर्मचारियों का भी ध्यान रखने की आवश्यकता है | अधिकारी वर्ग का सहयोग प्राप्त रहेगा | आप अथवा आपकी सन्तान उच्च शिक्षा के लिए विदेश जा सकते हैं | आप यदि विदेश में बसने की योजना बना रहे हैं कार्य के सन्दर्भों में तो उनको मूर्त रूप देने के लिए समय अभी अनुकूल नहीं प्रतीत होता | कोई नया घर खरीदना चाहते हैं अथवा नए घर में प्रवेश कर जाना चाहते हैं तो उसके लिए समय अनुकूल प्रतीत होता है | विवाह के लिए भी समय अनुकूल प्रतीत होता है और दाम्पत्य जीवन में भी माधुर्य बना रहने की सम्भावना है | किसी कार्य में अनावश्यक रूप से धन का अपव्यय हो सकता है अतः बजट बनाकर चलना आपके हित में रहेगा |
मकर : व्यावसायिक, आर्थिक तथा पारिवारिक प्रत्येक स्तर पर आपके लिए यह सप्ताह अनुकूल प्रतीत होता है | कार्य से सम्बन्धित विदेश यात्राओं में सफलता प्राप्त होने की सम्भावना है | कुछ नवीन प्रोजेक्ट्स भी इस अवधि में प्राप्त हो सकते हैं जिनके कारण आप बहुत समय तक व्यस्त रहते हुए अर्थलाभ कर सकते हैं | कोई इण्डस्ट्री लगाना चाहते हैं तो बड़े भाई अथवा वरिष्ठ अधिकारियों के सहयोग से उसमें भी सफलता प्राप्त हो सकती है | किन्तु गुप्त विरोधियों को पहचान कर उनकी ओर से सतर्क रहने की आवश्यकता होगी | आलस्य में वृद्धि के संकेत हैं जिसके कारण सम्भव है कार्य समय पर पूर्ण न कर सकें | आलस्य से बचने के लिए योग ध्यान प्राणायाम आदि को अपनी दिनचर्या में शामिल कर लेंगे तो अच्छा रहेगा | सन्तान अथवा परिवार के किसी अन्य निकट सदस्य का विवाह भी इस अवधि में सम्भव है |
कुम्भ : आर्थिक तथा व्यावसायिक दृष्टि से समय आपके लिए अनुकूल प्रतीत होता है | नौकरी में हैं तो पदोन्नति की सम्भावना से भी इन्कार नहीं किया जा सकता | किसी मनोनुकूल स्थान पर आपका ट्रांसफर भी सम्भव है | अपना स्वयं का व्यवसाय है तो उसमें भी कार्य में तथा आर्थिक स्तर में दृष्ट की सम्भावना है | कोई नवीन कार्य भी आप इस अवधि में आप आरम्भ कर सकते हैं | बहुत समय से रुकी हुई योजनाओं के क्रियान्वयन का भी समय भी प्रतीत होता है | किसी पुराने मित्र से भेंट सम्भव है जिसके साथ आप कहीं घूमने जाने का और मौज मस्ती का कार्यक्रम भी बना सकते हैं | अविवाहित हैं तो अनुकूल जीवन साथी की खोज भी इस अवधि में पूर्ण हो सकती है | विवाहित हैं सम्बन्धों में प्रगाढ़ता के संकेत हैं | जीवन साथी को किसी प्रकार का आर्थिक लाभ अथवा कार्य में पदोन्नति की भी सम्भावना है |
मीन : आपके लिए यह सप्ताह भी अनुकूल प्रतीत होता है | आप कार्य के सिलसिले में कहीं दूर देश की यात्रा पर जा सकते हैं अथवा कहीं विदेश में बसने की योजना भी बना सकते हैं | नौकरी में पदोन्नति के साथ ट्रांसफर भी सम्भव है | जीवन साथी के साथ कहीं बाहर घूमने भी जा सकते हैं | अपना स्वयं का कार्य है तो उसमें भी वृद्धि के संकेत हैं | कार्यस्थल पर सौहार्दपूर्ण वातावरण बना रह सकता है | जीवन साथी तथा सन्तान की ओर से भी कोई शुभ समाचार इस अवधि में प्राप्त हो सकता है | प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी में लगे छात्रों को अनुकूल परिणाम प्राप्त होने की सम्भावना है | किसी कोर्ट केस के माध्यम से भी लाभ हो सकता है | सामाजिक तथा धार्मिक गतिविधियों में वृद्धि के साथ ही मान सम्मान में भी वृद्धि की सम्भावना इस अवधि में की जा सकती है |
अन्त में यही कहेंगे कि आप सभी भाग्यवादी न बनकर कर्मवादी बने रहें, क्योंकि उचित दिशा में कर्म करते हुए आप प्रतिकूल ग्रह गोचरों को भी अपने अनुकूल बना सकने में समर्थ हो सकेंगे… साथ ही एक बात और, अभी कोरोना से जंग पूरी तरह समाप्त नहीं हुई है अतः कोरोना के नियमों का पालन करते हुए सभी स्वस्थ और सुखी रहें यही कामना है…